
मुख्यमंत्री ने सिरसा के गांव ओटू में किया जन संवाद, लोगों की समस्याओं का समाधान
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिरसा जिले के अपने जन संवाद कार्यक्रम के तीसरे दिन गांव ओटू में लोगों की मांग पर ओटू झील से मिट्टी उठान की दरों में 50 प्रतिशत कम करने की घोषणा की। अब किसान ओटू झील से 500 रुपये ट्राली के हिसाब से मिट्टी उठा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने ओटू झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। इसके लिए उन्होंने प्रशासन को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट के आधार पर झील को पर्यटन स्थल बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को रानियां हल्का के गांव ओटू में जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने जहाँ लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये, वहीं लोगों से सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान एक किसान ने बताया कि ओटू से मिट्टी उठान की दरों में कमी की जाए ताकि किसानों को फ़ायदा मिले। इस पर मुख्यमंत्री ने उपरोक्त घोषणा की। पहले यह दर 1000 हजार रुपये ट्रॉली थी। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि किसान इस मिट्टी का उपयोग खाद के रूप में करें, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने ओटू में जन संवाद कार्यक्रम में एक युवा की मांग पर गांव जमाल में एक अतिरिक्त कबड्डी नर्सरी बनाने की घोषणा की। इसी प्रकार गांव कागसर में जिम बनाये जाने की मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि युवाओ को नशा से दूर रखने के लिए खेल बहुत जरूरी है और इसके लिये सरकार खेल सुविधाये देने के लिये कटिबद्ध है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी.उमाशंकर, ओएसडी जवाहर यादव, पूर्व विधायक रामचंदर कंबोज, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी सहित अन्य वरिष्ठजन उपस्थित थे।