
गुरु पूर्णिमा के लिए अब सजने लगा इस्कॉन मंदिर
चंडीगढ़ दिनभर। श्री गुरु पूर्णिमा फेस्टिवल के लिए इस्कॉन मंदिर सजने लगा है। मंदिर का हाल फूलों से सजाया जा रहा है तो वहीं श्री श्री राधा माधव और चैतन्य महाप्रभु के श्रृंगार के लिए विशेष परिधान आ चुके हैं। सात मार्च को होने वाले इस महा आयोजन की शुरुआत नगर संकीर्तन के साथ होगी और इस मौके पर कई विशेष आयोजन किए जाएंगे। हरे कृष्णा धाम सेक्टर-36 चंडीगढ़ में होने वाले इस आयोजन की तैयारी तेजी से की जा रही है। ध्यान रहे कि इसी दिन चैतन्य महाप्रभु का जन्म हुआ था। इस आयोजन की शुरुआत सुबह साढ़े पांच बजे से हो जाएगी। जिस दौरान दो घंटे का नगर कीर्तन निकाला जाएगा। आयोजन के लिए मंदिर के हाल को फूलों से सजाया जा रहा है। इस मौके पर श्री श्री राधा माधव और चैतन्य महाप्रभु के परिधानों को बदला जाएगा। इसके साथ ही उनका विस्तृत श्रृंगार किया जाएगा। अकिंचनप्रिया दास ने बताया कि इस मौके पर शाम को छह बजे चैतन्य महाप्रभु का अभिषेक किया जाएगा। पहले उनका अभिषेक पंचामृत से किया जाएगा। इसके बाद उनको पंचगव्य और फिर फलों के जूस से अभिषेक किया जाएगा। आरती के बाद 108 कलश के पानी के साथ उनको नहलाया जाएगा। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा। महाआरती का आयोजन शाम को सात बजे होगा। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान कीर्तन चलता रहेगा। इस मौके पर चैतन्य महाप्रभु के जन्म पर एचजी नंद महाराज दास प्रभु एक लेक्चर देंगे। इसके साथ ही भंडारा होगा।