
बिगबॉस फेम अर्चना गौतम को प्रियंका गांधी तक कौन ले गया, फोटो चंडीगढ़ कांग्रेस की वायरल, जांच शुरू
विनोद राणा. चंडीगढ़ दिनभर ।
छत्तीसगढ़ में हुआ कांग्रेस का महाअधिवेशन पार्टी लिए लक्की साबित होगा या नहीं, यह वक्त बताएगा, लेकिन चंडीगढ़ कांग्रेस के लिए यह अनलक्की साबित होता नजर आ रहा है। कारण है, बिस बॉस फेम अर्चना गौतम का अधिवेशन में प्रियंका गांधी के स्टेज तक पहुंचना और प्रियंका के पीए संदीप सिंह से बहसबाजी। साथ में अधिवेशन में चंडीगढ़ कांग्रेस नेताओं का उनके साथ फोटो सेशन।
दरअसल अर्चना गौतम बीते रविवार को अधिवेशन में प्रियंका गांधी के स्टेज तक पहुंची और उनसे मिली। उनका स्टेज तक पहुंचना कांग्रेस की नेशनल कार्यकारिणी के सदस्यों को गंवारा न हुआ। बाद में प्रियंका के पीए संदीप सिंह से उनकी बहसबाजी भी हुई। जिसके बाद रविवार को दोपहर साढ़े 3 बजे ही अर्चना गौतम ने फेसबुक लाइव होकर कहा कि चमचे उन्हें राहुल गांधी और प्रियंका से मिलने ही नहीं देते। इससे कांग्रेस का भला हो ही नहीं सकता।
उन्होंने फेसबुक में कहा कि वे किसी तरह जुगाड़ लगाकर अधिवेशन में प्रियंका गांधी तक पहुंची। जोकि चमचों को अच्छा नहीं लगा। उन्होंने संदीप सिंह पर उठा लेने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोप लगाए। इस कारण अधिवेशन की काफी किरकिरी हुई। अब कांग्रेस में उस जुगाड़ की जांच हो रही है जिससे अर्चना स्टेज तक पहुंची। कांग्रेस की नेशनल कमेटी जांच कर रही है कि अर्चना का स्टेज पास कैसे बना। यूपी कांग्रेस मना कर रही है और चर्चा चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं की है। जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया में अर्चना के साथ चल रही हैं।

शक जताया जा रहा है कि प्रियंका तक पहुंचने का जुगाड़ चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं की तरफ से हुआ। अर्चना है तो यूपी कांग्रेस से संबंधित, लेकिन उसने पल्ला झाड़ लिया है। यूपी कांग्रेस प्रधान के बृज लाल के मुताबिक उन्होंने अर्चना का स्टेज पास नहीं बनवाया। दूसरी तरफ अब सुई चंडीगढ़ कांग्रेस की तरफ मुड़ चुकी है।