
चंडीगढ़ दिनभर
चंडीगढ। भारतीय जनता पार्टी पंजाब की एक दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी का शुभारंभ भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पंजाब भाजपा सह प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह रैना, संगठन मंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासलू, हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बुराला, प्रदेश महासचिव राजेश बाघा, बिक्रमजीत सिंह चीमा तथा मोना जायसवाल आदि उपस्थित थे। संगरूर शहरी जिलाध्यक्ष रणदीप देओल ने इस समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं दोशाला भेंट कर किया।
अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में जानबूझकर गठबंधन की झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। बीजेपी सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब बहुत संवेदनशील राज्य है। पंजाब को भाजपा की जरूरत है और भाजपा को पंजाब की। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाबियों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी और पंजाबियों के सभी सपनों को पूरा करेगी। सुभाष बुराला जो कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए पंजाब भाजपा के अभियान के प्रभारी भी हैं, ने अपने संबोधन में कहा कि ये नौ साल देश में विकास और समृद्धि के प्रतीक हैं।
नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों और पिछड़ों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। देश में ना सिर्फ आर्थिक विकास की गति बढ़ी है, बल्कि युवाओं के लिए करोड़ों नए रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं। इस अवधि के दौरान, देश के बुनियादी ढांचे में जबरदस्त विकास हुआ है और दुनिया भर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। तरुण चुघ ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि 1984 का सिख नरसंहार कांग्रेस पार्टी की सोची समझी साजिश थी जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं को 1984 के सिख नरसंहार पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस नरसंहार के बाकी सभी आरोपी भी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि 39 साल बाद केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सिखों को न्याय दिलवाया है। रैना ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद देश बहुत तेजी से विकास कर रहा है।