
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह की मां शबनम सिंह से अवैध वसूली का मामला सामने आया है।
चंडीगढ़ दिनभर
गुरुग्राम। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह की मां शबनम सिंह से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप युवती को मंगलवार को अरेस्ट कर लिया गया है। युवती ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर शबनम सिंह से अवैध वसूली की थी। पुलिस ने बताया कि युवराज सिंह की मां से 40 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपी युवती युवराज के भाई जोरावर सिंह के लिए केयरटेकर के तौर पर रखी गई थी लेकिन 20 दिन बाद ही इस युवती को काम से हटा दिया गया था। डीएलएफ फेज 1 थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपी युवती की पहचान हेमा के रूप में हुई है। डीएलएफ फेज-1 में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का घर है। उनकी मां शबनम सिंह ने डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस को शिकायत दी है जिसमें उन्होंने कहा कि साल 2022 में युवराज के भाई जोरावर सिंह की केयरटेकर के तौर पर हेमा उर्फ डिम्पी नामक युवती को काम पर रखा गया। जोरावर सिंह बीते कई सालों से डिप्रेशन की बीमारी से परेशान है।
शबनम सिंह ने बताया कि हेमा को 20 दिन बाद ही काम से हटा दिया गया। इसके पीछे कारण ये था कि हेमा प्रोफेशनल नहीं है और उनके बेटे जोरावर सिंह को अपने जाल में फंसा रही है। शबनम सिंह ने शिकायत में कहा कि मई 2023 में हेमा उर्फ डिंपी ने उन्हें वॉट्सएप मैसेज व कॉल करना शुरू कर दिया। जिसमें उसने धमकी दी कि वो इनके परिवार को झूठे केस में फंसाकर बदनाम कर देगी। इसके लिए हेमा ने 40 लाख रुपयों की अवैध वसूली की मांग की।