
चंडीगढ़ दिनभर
चंडीगढ़। एक करोड़ रिश्वत मामले में जेल में बंद पूर्व एआईजी आशीष कपूर को पुलिस ने मोहाली कोर्ट में पेश किया। जानकारी के मुताबिक कोर्ट में आज विजिलेंस द्वारा एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज अवतार सिंह की कोर्ट में चार्जशीट यानी चालान पेश किया जाना था, लेकिन कोर्ट में पेश हुए इंवेस्टिगेटिंग ऑफिसर एएसआई सुरिंदर पाल जो कि इस समय विजिलेंस ब्यूरो, फ्लाइंग स्क्वाड, फेज-1, मोहाली में बतौर पैरवी ऑफिसर तैनात है ने कोर्ट में अपनी स्टेटमेंट दी कि उन्होंने 28 जुलाई को ही ड्यूटी जज एवं एडिशनल सेशंस जज एसके सिंगला की कोर्ट में चालान पेश कर दिया था, जिसके चलते ट्रायल कोर्ट ने उनकी स्टेटमेंट रिकॉर्ड कर चार्जशीट सेशंस जज को मार्क कर दी और अगली तारीख पर चार्जशीट को अपनी कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया।
मामले की अगली सुनवाई 9 अगस्त की है, जिसके बाद विजिलेंस की एविडेंस शुरू होगी। बता दें कि पूर्व एआईजी आशीष कपूर पर वर्ष 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। कपूर के अलावा डीएसपी पवन कुमार और एएसआई हरजिंदर सिंह पर भी एफआईआर दर्ज हुई थी। विजिलेंस ने 6 अक्टूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था।
विजिलेंस ने अक्टूबर 2022 को किया था काबू
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस ने छह अक्तूबर 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था। उन पर 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपए बैंक से निकलवाने का आरोप था। ऐसे में विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से बर्खास्त एआईजी आशीष कपूर और उनकी पत्नी कमल कपूर की गत पांच साल में बनाई गई संपत्ति की जांच की गई। विजिलेंस द्वारा दर्ज एफआईआर में बताया है कि एजेंसी द्वारा आशीष कपूर और उनकी पत्नी कमल कपूर की 1-08-2017 से 31-08-2022 तक की संपत्ति खंगाली। इसमें सामने आया कि उन्होंने अवैध तरीके से चंडीगढ़ और मोहाली में संपत्ति बनाई है।
संपत्ति की मार्केट वैल्यू रजिस्टर्ड कीमत से काफी ज्यादा है। 2020 में उन्होंने सेक्टर-88 में कोने वाला रिहायशी प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट का आकार 507.5 वर्ग गज था। दस्तावेजों में उन्होंने इसकी कीमत पर 90,16,100 रुपये दिखाई है। उक्त प्लॉट पर उन्होंने साल 2020-2022 में आधुनिक सुविधाओं वाली आलीशान दो मंजिला कोठी बनाई थी। इसके निर्माण पर उन्होंने 2 करोड़ खर्च किए। इसी तरह साल 2022 में उन्होंने दी पॉम कॉलोनी न्यू चंडीगढ़ में 34,13,663 रुपए की लागत से 241.11 वर्ग गज का प्लाट खरीदा।