
चंडीगढ़ दिनभर। मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय चंडीगढ़ ने अपने 54 वर्षों के अस्तित्व में 40वीं बार पंजाब यूनिवर्सिटी महिला सामान्य दक्षता शील्ड जीत कर इतिहास रचा है । पंजाब विश्वविद्यालय के वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ. निशा भार्गव ने ट्रॉफी ग्रहण की। कॉलेज के 40 छात्राओं को 2022-2023 के लिए अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरलीन देओल और तानिया भाटिया को भारतीय क्रिकेट टीम में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रत्येक को 3 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कॉलेज की अंतरराष्ट्रीय तैराक चाहत अरोड़ा को भी 94000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डॉ. निशा भार्गव ने कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग और खिलाडिय़ों के निरंतर प्रयासों की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप कॉलेज को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बेहद खुशी एवं गर्व की बात है कि कॉलेज ने देश को तानिया भाटिया, हरलीन देओल, अमनजोत, रिधिमा जैसे कई शानदार खिलाड़ी दिए हैं।
फोटो : सरवन कुमार