
अजीत झा. चंडीगढ़ दिनभर
शहर की जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ सचिवालय में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने चंडीगढ़ पुलिस के सौजन्य से एम-पासपोर्ट ऐप और पुलिस की कई मुख्य सेवाओं के डिजिटलीकरण का शुभारंभ किया।
इस मौके पर चंडीगढ़ पुलिस के सभी उच्च अधिकारी , डीसी विनय प्रताप सिंह , चंडीगढ़ व्यापार मंडल के सभी उच्च अधिकारी और रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सभी अधिकारियों सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। एम-पासपोर्ट ऐप और पुलिस सेवाओं के डिजिटलीकरण की पूर्ण जानकारी देते हुए चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी प्रवीर रंजन ने बताया की चंडीगढ़ पुलिस ने शहर वासियों की सुविधा के लिए पहले से ही कई सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया था, और इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, पुलिस क्लीयरेंस, प्राइवेट एम्प्लॉई वेरिफिकेशन, इ-एफआईआर रजिस्ट्रेशन , टेनेंट वेरिफिकेशन सहित दस और सेवाओं का डिजिटलीकरण कर दिया गया है, जिसके फलस्वरूप , जो काम 15 दिनों में होता था , वो अब 5 दिन में हो जाया करेगा।
इसके साथ ही इस कार्यप्रणाली को तीव्र गति से चलाने के लिए हर एक जांच अधिकारी को टैबलेटस भी दिए जाएंगे, ताकी वह वैरीफिकेशन के दौरान सभी ज़रूरी दस्तावेज़ों को तुरंत अपलोड कर सके, जिससे समय की भी बचत होगी।