
चंडीगढ़. नेहरु युवा केन्द्र संगठन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित युवा उत्सव भारत@2047 की शुरुआत करने केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पंजाब के रोपड़ पहुँचे, जहाँ मोहाली हवाई अड्डे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष कंवरवीर सिंह टोहड़ा ने अपने साथियों सहित अनुराग ठाकुर का दोशाला व सिरोपा भेंट कर स्वागत किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष श्र्मभी उपस्थित थे। अनुराग ठाकुर वहां से कंवरबीर सिंह के साथ एक काफिले के रूप में आईआईटी रोपड़ पहुंचे, जहां अनुराग ठाकुर ने युवा उत्सव भारत@2047 का शुभारंभ किया। ठाकुर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव 75 वें वर्ष का एक संकल्प लेने का समय आया है कि इस अमृत काल से स्वर्णिम काल की ओर ले जाने के लिए अगर सबसे बड़ा योगदान देश में किसी का हो सकता है तो भारत के युवाओं का हो सकता है। जब मैं युवा भारत के युवाओं की बात करता हूँ तो यह छोटी मोटी संख्या नहीं है। आज भारत की 140 करोड़ भारतीयों में 100 करोड़ भारतीय 35 वर्ष की आयु से कम हैं। दुनिया भर में अगर सबसे बड़ी नौजवानों की आबादी कहीं पर है तो सिर्फ वह भारत में है। प्रथम चरण में युवा उत्सव भारत@2047 का आयोजन 31 मार्च तक 150 जिलों में होगा।