
होशियारपुर.. केंद्र की भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश सहित पंजाब में भी चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत हर लोकसभा में विशाल रैली कर केंद्र की भाजपा सरकार की नौ वर्ष की भारत की प्रगति व उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद जेपी नड्डा ने रोशन ग्राउंड, होशियारपुर में विशाल रैली को संबोधित किया। अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस रैली में होशियारपुर पहुंचने जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारियों का अपने पदाधिकारियों के साथ पुष्पगुच्छ, दोशाला व तलवार भेंट कर स्वागत किया। जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की भाजपा सरकार ने ज़मीनी स्तर पर जो काम किया है वो काम 70 सालों में किसी पार्टी ने नहीं किया है। 2014 से पहले का भारत और अभी के भारत में काफी अंतर है। 2014 से पहले के भारत में त्तकालीन सरकार निर्णय नहीं ले पाती थी।
काम को लटकाना उनका काम था। 2014 से पहले भारत में भ्रष्टाचार भी चरम पर था। 2014 के बाद देश ने भूतपूर्व तरक्की की है। भारत आज मोदी सरकार के नेतृत्व में वंशवाद से निकलकर विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आज विश्व के सभी देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परामर्श के बिना कोई कार्य नहीं करते। हर देश में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बड़े ध्यान से सुना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में विकास की आंधी चल रही है। जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि गरीब कल्याण के कार्यक्रम में पंजाब की धरती में बोलने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कई जन कल्याणकारी योजनाओं को अम्लीजामा पहनाने का काम बीजेपी की तरफ से किया जा रहा है।