
चंडीगढ़ दिनभर
पंजाब सरकार द्वारा विकास कार्यों की आड़ में फंड की बर्बादी रोकने के लिए नया तरीका अपनाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार अब फंड की बर्बादी को रोकने के लिए डिजिटल तरीका अपनाया गया है, जिसके तहत वीडियोग्राफी के साथ सेंसर के जरिए सड़कों की पैमाइश की जा रही है। यहां बताना उचित होगा कि नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा विकास कार्यों के हल्का वाइस 20 करोड़ देने का फैसला किया गया है। लेकिन इस बात पर भी फोकस किया जा रहा है कि बिना जरूरत वाले विकास कार्यों की आड़ में इस फंड की बर्बादी नहीं होनी चाहिएजिसके लिए डिजिटल तरीका अपनाया जा रहा है।
इसके तहत एक कंपनी की मदद ली गई है, जिसके द्वारा विकास कार्यों के लिए मार्क की गई साइट की वीडियोग्राफी की जा रही है, जिसके आधार पर फैसला किया जा सकता है कि साइट पर विकास कार्यों की जरूरत है या नहीं। इसके अलावा विकास कार्यों के बिल बनाने के नाम पर फर्जीवाड़ा होने की संभावना पर रोक लगाने के लिए उक्त कंपनी द्वारा सेंसर के जरिए सड़कों की पैमाइश भी की जा रही है, जिसका पक्का रिकॉर्ड बन जाएगा।