![Untitled design 27](https://chandigarhdinbhar.com/wp-content/uploads/2024/01/Untitled-design-27.jpg)
चंडीगढ़ दिनभर: अयोध्या में आज यानी 22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन है। रामलला की प्राचीन मूर्ति को भी गर्भ गृह में स्थापित कर दिया गया है। कुछ ही समय में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या पहुँचने वाले हैं। पूरे देश से 7000 से अधिक अतिथियों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया है, जिनमे से अधिकांश तो अयोध्या पहुंच भी चुके हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन में पूरी अयोध्या को भव्य तरीके से सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किये गए है। अयोध्या के हर एक मोड़ पर स्पेशल कमांडोज की तैनाती की गई है। मंदिर में प्रवेश पूर्व दिशा से और निकास दक्षिण दिशा से होगा। राम मंदिर तीन मंजिला है। मुख्य मंदिर तक पहुँचने के लिए श्रद्धालु पूर्वी दिशा से 32 सीढ़ियाँ चढ़ेंगे। पारंपरिक नागर शैली में निर्मित मंदिर परिसर 380 फीट लंबा (पूर्व-पश्चिम दिशा), 250 फीट चौड़ा और 161 फीट ऊंचा बनाया गया है। मंदिर की प्रत्येक मंजिल 20 फीट ऊंची है और इसमें 392 खंभे और 44 द्वार बनाये गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद एक सभा को संबोधित करेंगे।