![Untitled design 3 5](https://chandigarhdinbhar.com/wp-content/uploads/2024/05/Untitled-design-3-5.jpg)
-आम आदमी पार्टी ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
चंडीगढ़ दिनभर, चंडीगढ़: शहर में नौकरी लगाने के नाम पर भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक ठेकेदार ने 800 लोगों को नौकरी का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 80 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक वसूले।
इन लोगों को शहर के ओपन स्पेस पार्क, रोड किनारे, हाउसिंग बोर्ड के मकान और रिहैबिलिटेशन कॉलोनी के पार्कों की सफाई के लिए नियुक्त किया गया था। छह महीने तक काम करवाने के बाद ठेकेदार ने केवल एक माह का वेतन दिया और बाकी पांच महीने का वेतन नहीं दिया। जब ठगी के शिकार लोग सेक्टर 9 सेक्रेटेरिएट के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे, तब यह खुलासा हुआ कि प्रशासन ने ऐसा कोई टेंडर जारी नहीं किया था। मामले के उजागर होने पर आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना पर आम आदमी पार्टी ने प्रेस वार्ता की और कहा कि यह भ्रष्टाचार का मामला बेहद गंभीर है और इसमें राजनीतिक शह हो सकती है। पार्टी ने इसकी तह तक जांच की मांग की है। आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप कुमार ने प्रशासन को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने नगर निगम में पहले भी इस तरह के भ्रष्टाचार के मामलों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस बार भी उच्च स्तरीय जांच जरूरी है।