Untitled design 95

चंडीगढ़ दिनभर: किसान आंदोलन का असर लोगों की रोज़मर्रा जिंदगी पर दिखने लगा है। चंडीगढ़ जाने के लिए रूट डाइवर्ट होकर वाया यमुनानगर और दिल्ली जाने के लिए वाया नरेला बसें भेजी जा रहीं हैं। रॉ मेटेरियल लाने और तैयार माल भेजने का खर्च बढ़ गया है, जिसके कारण उद्योगपतियों को परेशानी हो रही है।

हरियाणा-पंजाब और हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर सील होने के कारण सभी वर्गों की परेशानियां बढ़ गई हैं। वैकल्पिक मार्गों पर भारी जाम लगने लग गया है। रोडवेज बसें और अन्य वाहन बंद हैं। चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वालों के कई घंटे अतिरिक्त लग रहे हैं। बॉर्डर पर सीमा सील करने से दिल्ली से संपर्क लगभग टूटा सा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ छह दिन में करीब 100 शोरूम बंद हो गए हैं। यही नहीं मॉल, पेट्रोल पंपों पर भी दिन भर सन्नाटा पसरा रहता है। राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ के ढाबों, रेस्तरां और होटलों का कामधंधा भी प्रभावित है।

13 फरवरी को शंभू बाडॅर पर किसानों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव को देखते हुए दिल्ली और सोनीपत पुलिस ने कुंडली बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया था। सरकार और किसानों के बीच बातचीत पर सबकी नजर बनी हुई है। इस बीच केजीपी-केएमपी के जीरो प्वाइंट से लेकर कुंडली बार्डर तक करीब छह किलोमीटर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर के कामधंधे प्रभावित हैं। करीब 100 शोरूमों पर ताला लटक चुका है। संचालकों का कहना है कि बॉर्डर सील होने से ग्राहक नहीं आ रहे। इससे मजबूरन ताला लगाना पड़ रहा है। कामगारों को कई किलोमीटर पैदल ही सफर तय करना पड़ रहा है।किसान आंदोलन के चलते बसों को चंडीगढ़ जाने के लिए वाया यमुनानगर व दिल्ली जाने के लिए वाया नरेला भेजा जा रहा है। इन मार्गाें पर पहले से ही जाम होने के कारण बसें भी जाम में फंस रही हैं। चंडीगढ़ जाने वाली बसों को 30 किलोमीटर अतिरिक्त जाना पड़ रहा है। लेकिन अभी तक किराया नहीं बढ़ाया गया है। हालांकि जाम के कारण गंतव्य तक पहुंचने में कई घंटे अधिक लग रहे हैं।उद्योगपतियों का कहना है कि बॉर्डर सील होने से उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। वह सरकार को टैक्स देते हैं। इसके बावजूद भी वह नुकसान क्यों झेलें। सरकार को चाहिए कि कुंडली बॉर्डर सील रहने की अवधि के नुकसान का आकलन कर उद्योगपतियों के लिए पैकेज जारी करे।

दिल्ली बॉर्डर सील होने से उद्योगों में कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने की लागत लगभग दोगुनी हो गई है। दिल्ली जाने के लिए नरेला से लिंक मार्गों को खोला गया है। हालांकि इन रास्तों पर जाम के कारण भारी वाहन नहीं आ सकते। इस कारण उद्योगपतियों को कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने के लिए छोटे वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे लागत दोगुना बढ़ गई है। पहले भारी वाहनों से माल ढुलाई के लिए जहां 10 हजार रुपये खर्च होते थे। वहीं अब 18 से 20 हजार रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। आर्डर तैयार करने के दाम पहले से ही तय हैं। इससे उद्योगपतियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link
Powered by Social Snap