
चंडीगढ़ दिनभर
चंडीगढ़। पंजाब में आई बाढ़ से काफी नुकसान हो गया है। वहीं कई जगह लोगों के घरों में पानी घुस गया तो कई जगह नदी में दरारें आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं बीते 2 दिनों से पानी आने के कारण बंद किया गया संगरूर-दिल्ली नेशनल हाईवे 55 टूट गया। वहीं देर रात सुल्तानपुर लोधी से विधायक राणा इंद्र प्रताप सिंह ने अपने वर्करों के साथ गांव भरोआणा के समीप से धुस्सी बांध को तोड़ दिया। संगरूर के सलेमगढ़ एरिया के लोगों ने सरकारी मदद ना पहुंचने का आरोप लगाया है।
संगरूर के सलेमगढ़ से आरोप लगाए गए हैं कि रात बाढ़ में फंसे एक परिवार को निकालने के लिए विभिन्न सीनियर अधिकारियों को फोन किया गया। लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया तो किसी ने मदद से मना कर दिया। अंत में डीएसपी के सहयोग के साथ परिवार को बचाया गया है। यह वही जगह है, जहां सीएम भगवंत मान बीते दिनों दौरा करके गए। विधायक राणा इंदर प्रताप ने आरोप लगाया कि उनका इलाका पानी में डूब रहा है और प्रशासन उसके लिए कुछ नहीं कर रहा।