
पूर्व विधायक रमेश गुप्ता के कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस भवन में किया स्वागत
कुरुक्षेत्र. पूर्व विधायक रमेश गुप्ता द्वारा आम आदमी पार्टी को छोडक़र कांग्रेस में शामिन होने पर कांग्रेस भवन में उनका जोरदार स्वागत किया गया। यहां पहुंचने पर पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि रमेश गुप्ता ने आम आदमी पार्टी को बाय कहकर कांग्रेस को फिर से ज्वाईन किया है। रमेश गुप्ता कांग्रेस के पुराने सिपाही रहे हैं, इनके संघर्ष को कभी भुलाया नही जा सकता, इनके वापिस कांग्रेस में आने से कांग्रेस को मजबूती मिली है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई के कारण त्राहि -त्राहि कर रही है। जो प्रदेश कांग्रेस सरकार में रोजगार के मामले में नंबर वन होता था आज वही हरियाणा बेरोजगारी व महंगाई के मामले में नंबर एक पर पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बेशक बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा देती हो लेकिन बेटियों की सुरक्षा करने में यह सरकार विफल साबित हुई है। उन्होने कहा कि आज हर वर्ग दुखी नजर आ रहा है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में गांव को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। सरपंचों से पॉवर छीनी जा रही है। सरकार को सोचना चाहिए कि गांव देश की रीढ है। गांव को सुविधाएं देने की बजाए सरकार गांव को खत्म करने की सोच रही है।
पूर्व विधायक रमेश गुप्ता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से प्रभावित होकर वे दोबारा से कांग्रेस में शामिल हुए हैं। आज प्रदेश की जनता के पास कांग्रेस ही एक विकल्प है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। आज प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को याद कर रही है। इस मौके पर राजकुमार पिंड़ारसी, निशी गुप्ता, सत्या भट्ट, पूर्व पार्षद सतीश गर्ग, सुरजीत पलवल, सतबीर शर्मा, रीना वाल्मिकी, पाला राम सहित अन्य कांग्रेस जन मौजूद रहे।
फोटो कैप्सन
कुरुक्षेत्र। पूर्व विधायक रमेश गुप्ता का स्वागत करते पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा व अन्य।