
नई दिल्ली. असम के तिनसुकिया जिले में 12 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि आरोपी अरुणाचल प्रदेश भाग गया था और बाद में पुलिस की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि आरोपी पड़ोसी राज्य में गिरफ्तार किए जाने के बाद हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद वह पुलिस गोलीबारी में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक मार्घेरिटा में हुई इस घटना के कारण लोगों में आक्रोश है। कस्बे में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक गौरव अभिजीत दिलीप ने कहा कि यह घटना मंगलवार को हुई और पीडि़ता का शव बुधवार को एक सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा पीडि़ता और आरोपी के परिवार वाले आपस में परिचित हैं। लड़की की मां और दुष्कर्मी की पत्नी घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती हैं। मंगलवार को दोनों महिलाएं एक साथ काम पर गईं और लड़की को आरोपी के घर पर छोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जब दोनों महिलाएं काम से लौटीं, तो लड़की वहां नहीं थी और आरोपी ने दावा किया कि वह घर चली गई थी। पुलिस अधीक्षक ने कहा जब उसकी मां ने उसे घर पर नहीं पाया तो उसने प्राथमिकी दर्ज की और पुलिस ने जांच शुरू की। तब तक आरोपी भाग चुका था। हमने उसकी पत्नी से पूछताछ की और उसने पति के अपराध को स्वीकार किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पत्नी की सूचना के अनुसार पुलिस ने आरोपी के घर से पीडि़ता का शव बरामद किया।