
चंडीगढ़ दिनभर
घरौंडा। हाईवे पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस के पास स्थित अशोका कॉलोनी के लोगों के लिए सड़क क्रॉस करने के लिए फुट ओवरब्रिज न होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कालोनीवासियों ने फुट ओवरब्रिज के निर्माण की डिमांड विधायक हरविंदर कल्याण से की थी, जिसके चलते विधायक कल्याण ने राष्ट्रीय राजमार्ग को इस स्थान पर फुट ओवरब्रिज बनाने का अनुरोध किया था।
आज विधायक ने विभिन्न अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण भी किया तथा शीघ्र फुट ओवरब्रिज निर्माण का आश्वासन भी दिया। अशोक कॉलोनी पार्षद सोमनाथ प्रजापति, ओमप्रकाश सेन, जयपाल, यशपाल सेन सहित अन्य कालोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनी में आवागमन करने के लिए कोई स्थाई रास्ता नहीं है। कॉलोनी वासियों को पानीपत की ओर जाने के लिए चार सड़क पार करनी पड़ती है। जिससे तेज वाहनों की चपेट में महिला व बुजुर्ग आ जाते है। जिससे प्रतिदिन कोई न कोई हादसा हो जाता है।
कालोनीवासियों ने हाईवे पर फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग विधायक हरविंदर कल्याण से की थी। विधायक हरविंदर कल्याण राष्ट्रीय राजमार्ग, नगरपालिका, जन स्वास्थ्य, बिजली बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ अशोका कॉलोनी में पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। विधायक कल्याण ने कहा कि कॉलोनी वासियों व आसपास के क्षेत्रवासियों की फुट ओवरब्रिज निर्माण की काफ़ी पुरानी डिमांड थी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कॉलोनी वासियों की डिमांड पूरा किया जाएगा।