
चंडीगढ़ दिनभर
करनाल। जिला उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि 21 मई को करनाल के 47 केंद्रों पर हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 14 हजार 664 कैंडिडेट परीक्षा देंगे। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उपायुक्त अनीश यादव सोमवार को हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल के साथ एचसीएस परीक्षा को लेकर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बोल रहे थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा प्रदेश की प्रतिष्ठित परीक्षा में से एक है।
इसे हरियाणा लोक सेवा आयोग आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा के 47 सेंटर करनाल में बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे और 3 बजे से 5 बजे की दो शिफ्ट में परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8.30 बजे से 9.15 बजे तक कैंडिडेट एंट्री कर सकते हैं जबकि दूसरी शिफ्ट में 1.30 बजे से 2.15 बजे तक एंट्री होगी। उपायुक्त ने कहा कि नकल पर नकेल कसने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी चैकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा।