राष्ट्रीय स्वयंसेवक

श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में नवनिर्मित आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण

करनाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने रविवार को करनाल के इंद्री रोड स्थित श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में नवनिर्मित आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्पेशलिटी चेरिटेबल हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उत्प्रवर्तक जैन संत श्री पीयूष मुनि जी महाराज ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
डॉ मोहन भागवत ने पट्टिका का डोरी खींच कर अनावरण किया और अस्पताल परिसर में घूम कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। हस्पताल के अनावरण के बाद सभागार में पहुंचने पर जैन समाज के प्रमुख व्यक्तियों की ओर से डॉ मोहन भागवत को पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंच पर सर्व धर्म विभूतियां उपस्थित रहीं।
महाप्रभावी श्री घंटाकर्ण महावीर देव तीर्थ स्थान के वार्षिक स्थापना महोत्सव पर आयोजित भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में डॉ मोहन भागवत व अन्य विभूतियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ मोहन भागवत ने कहा कि हम वे नहीं हैं जो केवल अपने लिए जीते हैं। हमारी संस्कृति और परंपराओं में सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में परोपकार को हमने जीवन का अभिन्न अंग माना है। श्री भागवत ने कहा, समाज को मजबूत करके ही हम देश में अच्छी चीजें होते हुए देख सकते हैं। यदि हम सुखी रहना चाहते हैं, तो समाज को सुखी बनाना होगा। डॉ मोहन भागवत ने कहा की मेरी वाणी के कारण यहां कुछ होने वाला है ऐसा नहीं है और ऐसा होता भी नहीं है। शब्दों का असर बहुत देर तक नहीं रहता वह क्षणभंगुर रहता है। शब्द सुनाई देते हैं बाद में उनका सुनाई देना भी बंद हो जाता है। शब्द जिनके पीछे तपस्या है, कृति है वह कृति ही परिणाम को जाती है। उसका परिणाम भी चिरकाल तक टिकता है। उन्होंने कहा कि यहां प्रत्यक्ष काम हुआ है। आज अपने देश में सबसे बड़ी आवश्यकता है कि सबको को शिक्षा मिले, सभी स्वस्थ रहें। स्वास्थ्य लाभ के लिए व्यक्ति कुछ भी करने को तैयार हो जाता है, क्योंकि यह दोनों बातें आज महंगी हो गई है और दुर्लभ भी हो गई है। ऐसी कोई विधि निकालनी होगी जिससे इसे सस्ता किया जा सके। अपनी परंपरा में कहा गया है की सबसे बड़ा दान ज्ञान का दान है और सबसे बड़ी सेवा स्वास्थ्य की है। इन दोनों बातों को ध्यान में रखते हुए अपने देश के प्रत्येक व्यक्ति के पास यह सुलभ और सस्ते दर में पहुंचे यह काम होना आवश्यक है। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि यह काम तब तक नहीं हो सकता जब तक इसे पूरा समाज मिलकर ना करे। पहले ऐसा होता था क्योंकि पहले इसको समाज ने संभाला था । उन्होंने कहा कि ब्रिटिश लोगों ने भारत में अंग्रेजी शिक्षा किस प्रकार लागू की थी यह एक प्रमाणित बात है। अंग्रेजों के आने से पहले हमारे देश में 70 से 80 प्रतिशत तक जनता साक्षर थी और बेरोजगारी लगभग नहीं के बराबर थी। अंग्रेजों ने इंग्लैंड में जो शिक्षा व्यवस्था उस समय थी उसे यहां लागू किया और यहां की शिक्षा व्यवस्था को तहस नहस कर दिया। हमारी शिक्षा व्यवस्था की खासियत थी कि उसमें वर्ण, जाति का भेद नहीं होता था। आदमी अपना जीवन खुद से चला सके उस प्रकार की शिक्षा मिलती थी। शिक्षा केवल रोजगार के लिए नहीं बल्कि ज्ञान का भी माध्यम थी। इसलिए शिक्षा का सारा खर्च समाज ने उठा लिया था। इनसे जो विद्वान , कलाकार , कारीगर निकले उनका लोहा दुनिया में माना जाता था। शिक्षा सस्ती और सुलभ थी। ऐसे ही स्वास्थ्य का था। गांव में वैद्य हुआ करते थे , उनको बुलाना नहीं पड़ता था। मरीज का पता चलने पर घर जाकर उनका इलाज करते थे। पूरा गांव उनके बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य की चिंता करता था। अब यह परंपरा भारत से लुप्त होती जा रही है। दो तीन पीढ़ी तक एक ही परिवार के डॉक्टर रहते थे। उनको मरीज की हिस्ट्री पता रहती थी इसलिए निदान आसान रहता था। यही नहीं उनका मरीज के साथ आत्मीयता का भाव बन जाता था। यही कारण है कि पूरी दुनिया में आज भी भारत के डॉक्टर को खोजा जाता है। इलाज के साथ-साथ मरीजों का हौसला बढ़ाने का उसके स्वभाव में है। शिक्षा और स्वास्थ्य आम आदमी तक कैसे पहुंचाया जाए अब यह विचार करने की आवश्यकता है। डॉ मोहन भागवत ने कहा कि यहां जो हस्पताल खोला गया गया वह केवल दवाखाना नहीं है बल्कि एक सेवा है।

सेवा अभाव दूर करती है, सेवा आवश्यकता को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि सेवा मनुष्य की प्रवृत्ति है उसका लक्षण है। अगर खाना खाते समय कोई भूखा सामने अगर आए तो मनुष्य का स्वभाव है कि वह उसको भी भोजन देता है। जब तक भूखा सामने होता है हम भोजन नहीं करते यह संवेदना है। इसकी यह विशेष पहचान भारत में आरंभ से ही है। यह हमारे डीएनए का एक भाग बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link
Powered by Social Snap