
सुबह यह हादसा हुआ। बस में बिहार के यात्री सवार थे।
जम्मू में कटरा से करीब 15 किमी दूर झज्जर कोटली के पास मंगलवार सुबह एक बस पुल से नीचे गिर गई। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 55 जख्मी हो गए। यह बस अमृतसर से वैष्णो देवी जा रही थी। इसमें 75 यात्री सवार थे। सभी बिहार के रहने वाले थे। जम्मू के डिप्टी कमिशनर अवनी लवासा ने बताया कि इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
ब्रेक फेल होने के कारण हुआ हादसा
हादसे का कारण बस की ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। ब्रेक फेल होने के बाद बस ने अपना संतुलन खो दिया और झझर कोटली पुल से नीचे गिर गई। CRPF के असिस्टेंट कमांडेंट अशोक चौधरी ने बताया कि यात्री कटरा जाते समय शायद रास्ता भूल गए और यहां पहुंच गए। इस हादसे में बचाव कार्य के लिए क्रेन लाई जा रही है। जिससे यह देखा जा सके कि बस के नीचे कोई फंसा तो नहीं है।