
चंडीगढ़ दिनभर
रोहतक। महम फरमाना चुंगी के पास पेड़ पर एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला है। युवक के परिवार में शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। इस घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लोगों ने एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ देखा।
घटना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही महम पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर शव की पहचान महम के वार्ड तीन निवासी 50 वर्षीय रामनिवास के रूप में हुई।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के भाई कृष्ण ने बताया कि रामनिवास मानसिक रूप से परेशान था। घर में भतीजे की शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को रामनिवास संगीत कार्यक्रम में भी शामिल था, जबकि रविवार को भतीजे की शादी होनी थी। रामनिवास अविवाहित था। पुलिस ने कृष्ण के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।