
हरियाणा के मुद्रण एवं लेखन मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि देश के लिए अपने व अपने परिवार के प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद उधम सिंह जैसे महान लोगों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। इन महान लोगों के दिखाए मार्ग पर चलकर देश व समाज के लिए निस्वार्थ भाव से अच्छे कार्य करने चाहिए।
जब समाज का एक-एक व्यक्ति देश के प्रति अपनी सकारात्मक सोच रखेगा, तभी शहीद उधम सिंह जैसे महान लोगों के सपने साकार हो सकेंगे। राज्य मंत्री संदीप सिंह सोमवार को हरियाणा काम्बोज सभा की तरफ से काम्बोज धर्मशाला में शहीद उधम सिंह के शौर्य दिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले राज्य मंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व मंत्री एवं हरियाणा ओबीसी मोर्चा के चेयरमैन कर्णदेव काम्बोज, समाजसेवी हरजिंद्र कौर, हरियाणा काम्बोज सभा के प्रधान कुलवंत सिंह, महासचिव सुमेर चंद काम्बोज, धर्मशाला के प्रधान बख्शीश सिंह ने शहीद उधम सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी है। इस दौरान राज्य मंत्री संदीप सिंह ने काम्बोज धर्मशाला के लिए 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की और कहा कि धर्मशाला के निर्माण के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
राज्य मंत्री संदीप सिंह ने शहीद उधम सिंह के लिए जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह ने जलियांवाले बाग में बेकसूर लोगों की निर्मम हत्या करने वाले जनरल डायर से बदला लेने के लिए 21 साल इंतजार किया और लंदन में जाकर जनरल डायर की गोली मारकर हत्या की और जलियांवाले बाग में मारे गए लोगों की हत्या का बदला लिया। इस महान व्यक्ति ने देश के लिए हंसते-हंसते फांसी को चूमा। इस देश को आजाद करवाने के लिए अनेकों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इन सभी लोगों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और खासकर युवा पीढ़ी को प्रेरणा देकर समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। विधायक सुभाष सुधा ने शहीद उधम सिंह को याद करते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह ने जलियांवाले बाग में मारे गए लोगों की हत्या का बदला लेने का एकमात्र लक्ष्य जहन में रखा और जर्नल डायर की हत्या करने के बाद अपने लक्ष्य को पूरा किया।