
चंडीगढ़ दिनभर
नई दिल्ली। भारत के तीसरे मानवरहित चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ ने चंद्रमा की पहली झलक दिखाई है। अंतरिक्ष यान के चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश करने के एक दिन बाद यह तस्वीर सामने आई है। इसे लेकर ट्वीट में कहा गया, ‘5 अगस्त 2023 को चंद्र कक्षा में प्रवेश के दौरान चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान से देखा गया चंद्रमा।’
चंद्रयान-3 को 22 दिन पहले चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के लिए प्रक्षेपित किया गया था, जहां अब तक कोई भी देश नहीं पहुंचा है। चंद्रयान-3 को बिना किसी गड़बड़ी के चंद्रमा के करीब लाने वाली आवश्यक प्रक्रिया बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष इकाई से पूरी हुई। इसके बाद चंद्रयान-3 ने इसरो को संदेश भेजा।
चंद्रयान का चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के महत्वाकांक्षी 600 करोड़ रुपये के मिशन में बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ। 14 जुलाई को प्रक्षेपित होने के बाद से अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा की लगभग दो-तिहाई दूरी तय कर ली है और अगले 18 दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के लिए महत्वपूर्ण होंगे। ISRO ने उपग्रह से मिले संदेश को अपने केंद्रों के साथ साझा किया, जिसमें लिखा था, ‘एमओएक्स, इस्ट्रैक, यह चंद्रयान-3 है। मैं चंद्रमा का गुरुत्वाकर्षण महसूस कर रहा हूं।’