
नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का मंगलवार सुबह को निधन हो गया। उन्होंने 78 वर्ष की उम्र में हरियाणा के गुडगांव जिले में आखिरी सांस ली। उनके पीए मोहन ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे वह बाथरूम में फिसल गये थे। उसके तुरंत बाद उनको घर के पास स्थित प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बता दें कि वेद प्रताप वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जेएनयू से पीएचडी की थी। वेद प्रताप वैदिक हिंदी भाषा के जाने माने पत्रकार थे। आखिरी बार वह अखबार की सुर्खियों में तब आए थे, जब उन्होंने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और आतंकी हाफिज सईद का इंटरव्यू किया था। उनका इंटरव्यू काफी चर्चा में रहा था। डॉ. वैदिक पत्रकारिता ने राजनीतिक चिंतन, अंतरराष्ट्रीय राजनीति, और हिंदी के क्षेत्र में लंबे समय तक काम किया।