
करनाल. शहर की नई अनाज मंडी में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रवादी महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता राकांपा के प्रदेशाध्यक्ष मराठा वीरेंद्र वर्मा ने की। महासम्मेलन में राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व कृषि मंत्री शरद पवार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
रैली स्थल पर पहुंचने पर प्रदेशाध्यक्ष मराठा वीरेंद्र वर्मा सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने शरद पवार का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष मराठा वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि शरद पवार सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक रवैये में विश्वास रखते हुए भारत को आत्मनिर्भर और उत्पादक देश बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी को दूर करने के लिए शरद पवार ने महाराष्ट्र में रोजगार गारंटी कानून बनाया और लागू किया। इसके बाद महाराष्ट्र को पावर में सरप्लस स्टेट बनाया। खेती का पैटर्न बदल दिया। वहीं सिंचाई के लिए पौंड सिस्टम शरद पवार की देन है। मराठा वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि कृषि मंत्री रहते हुए किसानों के लिए कल्याण के लिए शरद पवार ने अनेकों कार्य किए हैं। असम, बिहार, बंगाल और उड़ीसा वाटर सरप्लस स्टेट थे।

यहां चावल की खेती शुरू करवाई। भारत को चावल में सरप्लस बना दिया और यहां से चावल का निर्यात होने लगा। इसी तरह मध्यप्रदेश, उतरप्रदेश और आधे राजस्थान में गेहूं की खेती करवाई, यहां भी गेहूं निर्यात की स्थित में पहुंचा दिया था। इसी के साथ 2007 में किसानों के 67 हजार करोड़ रुपए के कर्ज माफ करवाए थे। वहीं सोसाइटी का जो ब्याज 12 प्रतिशत था, उसको घटाकर 4 प्रतिशत पर लेकर आए, परिणामस्वरूप आज ब्याज बिल्कुल खत्म है। वहीं महिला सशक्तिकरण की तरफ कदम बढ़ाते हुए शरद पवार ने ही रक्षामंत्री रहते हुए सेना में महिलाओं को कमीशन दिलवाया। इससे पहले सेनाओं में महिलाओं की एंट्री नहीं थी। मराठा वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि सत्ता में आने के बाद शरद पवार महाराष्ट्र मॉडल की तर्ज पर पूरे देश का नक्शा बदल देंगे। महासम्मेलन में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए राकांपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि आज देश में पैदा हुए राजनीतिक हालातों को देखते हुए विपक्षी एकता की सख्त जरूरत है। ताकि केंद्र व प्रदेश की राजनीति से भाजपा को बेदखल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र में जिस प्रकार सहयोगी दलों के साथ मिलकर एनसीपी चुनाव लड़ती है। उसी तर्ज पर हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा में सहयोगी दलों का साथ लेकर मजबूती से दोनों चुनाव लड़कर सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मराठा वीरेंद्र को यहां से चुनाव लडऩे के लिए तैयार रहना है। सहयोगी दलों से हरियाणा में लोकसभा में गठबंधन वह खुद कर लेंगे। उन्होंने कहा कि आज महंगाई की मार लोगों पर पड़ रही है। घरेलू गैस सिलेंडर का रेट 12 सौ रुपए हो गया है। जोकि किसान, मजदूर और आमजन की पहुंच से बाहर हो चुका है। सत्ता में आने के बाद रेट को 500 रुपए तक किया जाएगा। पवार ने कहा कि आज हरियाणा व पंजाब में मंडी सिस्टम खत्म होने की कगार पर है, लेकिन एनसीपी हरियाणा व पंजाब की तर्ज पर मंडी सिस्टम में अनुकूल सुधार करके पूरे देश में लागू करेगी। वहीं मौजूदा सरकार द्वारा बड़े उद्योगपतियों और राजघरानों का 10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया। जबकि कोरोना की सबसे ज्यादा मार तो किसान, मजदूर और दस्तकार पर पड़ी है। ऐसे में किसानों, मजदूरो और दस्तकारों का कुल कर्ज 2 लाख करोड़ के करीब है।