
गृहमंत्री को मिल रही थी शिकायतें, रेड के दौरान लैला हुक्का बार से निकोटीन प्रोडक्ट बरामद
चंडीगढ़ दिनभर
पंचकूला। पंचकूला में हुक्का बार के नाम पर नशा परोसे जाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की शह पर बारों में हर्बल हुक्का के नाम पर निकोटीन परोसा जा रहा था। इसका खुलासा ड्रग कंट्रोलर की रिपोर्ट में हुआ है। रेड के दौरान पुलिस ने कई बार संचालकों को हिरासत में लिया है।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी कि पंचकूला के हुक्का बारों में हर्बल के नाम पर निकोटीन परोसा जा रहा है। इस शिकायत पर उन्होंने सुबह ही ड्रग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर बारों में रेड कराई, लेकिन पुलिस ने दोपहर बाद ही बार संचालकों को यह कहकर छोड़ दिया कि हुक्का में निकोटीन नहीं मिला।
हुक्का बारों से जब्त किए गए हर्बल प्रोडक्ट की जांच की गई तो उसमें निकोटीन मिला। विज ने नाराजगी जाहिर की और देर रात फिर से बारों में रेड करवाई।

रेड में पुलिस के आला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं की जाए। पुलिस ने कई बड़े प्रतिष्ठित बारों में रेड कर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। विज के निर्देश के बाद पंचकूला के विभिन्न हुक्का बारों पर पुलिस ने छापे मारे। संयुक्त कार्रवाई में आकाश, नरेश, रितिक समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। छापे के दौरान अलिफ लैला हुक्का बार से पुलिस को निकोटिन प्रोडक्ट बरामद हुए हैं।