
मानव तस्करी से जुड़ा हो सकता है, मामला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की जांच शुरू
चंडीगढ़ दिनभर
चंडीगढ़ के पास बसे मोहाली जिले के नयागांव से चार बच्चे अचानक गायब हो गए हैं। चारों बच्चे नाबालिक बताए जा रहे हैं। इनकी उम्र 13 से लेकर 15 साल तक है। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चारों की पहचान हर्ष दुबे, अंकित, करण और सूरज के रूप में हुई है। मामले में DSP प्रभजोत कौर का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इलाके के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही बच्चों को ढूंढने में कामयाबी मिलेगी।
मानव तस्करी से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस मानव तस्करी से जोड़कर भी इस मामले की जांच कर रही है। क्योंकि नयागांव में देश के लगभग सभी प्रदेशों के लोग रहते हैं।
अपराध का गढ़ बना नयागांव
अपराधियों के लिए नयागांव एक सुरक्षित ठिकाना बन गया है। चंडीगढ़ के बिल्कुल साथ लगा होने के कारण यहां पर बाहर के लोगों की आवाजाही लगी रहती है। पहले भी यहां से हरियाणा पुलिस ने कई कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इसकी वजह यह है कि यहां पर आसानी से बिना किसी जांच-पड़ताल के किराए पर कमरा मिल जाता है। इसी का फायदा उठाकर अपराधी यहां पर छिपने में कामयाब होते हैं।