
घर से बाहर बुलाकर दो सगे भाइयों पर फायरिंग, जीएमसीएच-32 में एडमिट
चंडीगढ़ दिनभर
मोहाली। सोहाना में कुछ बदमाशों ने वीरवार देररात सूरज नाम के युवक को घर से बाहर बुलाया और उसको गोलियां मार दीं। दो गोली उसके पैर में लगीं। गोलियों की आवाज सुनकर उसका बड़ा भाई चंदन बाहर आया तो देखा सूरज लहूलुहान जमीन पर पड़ा था। वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसके ऊपर भी फायर कर दिया। दो गोलियां उसकी गर्दन को छूकर निकलीं। दोनों बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें मोहाली के निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर हालत में दोनों को जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में रेफर किया गया। अब दोनों की हालत खतरे से बाहर है। सूरज के बड़े भाई चंदन ने बताया कि लोकेश नशा तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल है।
पहले सूरज भी उसके साथ ही रहता था क्योंकि दोनों 10वीं तक साथ ही पढ़े हैं। पिछले साल सूरज ने लोकेश का साथ छोड़ दिया था। इस बात से ही पूरा गैंग नाराज था। कुछ महीने पहले सर्दियों में कुछ लोगों ने घर आकर हमें धमकाया था। कहा था कि सूरज को वापस उत्तर प्रदेश उसके गांव भेज दो। यहां रहेगा तो उसको नहीं छोड़ेंगे। उन सभी के पास हथियार भी थे। हमने उनकी बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया लेकिन पता नहीं था कि मामला इतना गंभीर है। शायद उन्हें लगता होगा कि सूरज उनके लिए खतरा बन सकता है, इसलिए जानलेवा हमला करवाया। चंदन ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ स त कार्रवाई की जाए।