
डीएफसी की बड़ी जीत, मुंबई सिटी को 4-0 से रौंदा
चंडीगढ़ दिनभर
चंडीगढ़ हीरो आईलीग सेकंड डिवीजन 2022-23 में दिल्ली फुटबॉल क्लब(डीएफसी) ने होम ग्राउंड पर शानदार जीत दर्ज की। मिनर्वा एकेडमी में खेले मैच में उन्होंने आईएसएल क्लब मुंबई सिटी को 4-0 से हराया। इस जीत ने डीएफसी को अंक तालिका में दूसरा स्थान दिला दिया है। मुंबई सबसे नीचे है। मिनर्वा एकेडमी में खेले गए मुकाबले में डीएफसी और मुंबई सिटी दोनों ने अच्छी शुरुआत की। घरेलू मैदान पर खेल रही डीएफसी ने मूव बनाए, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। दूसरी ओर मुंबई सिटी ने अपने डिफेंस को कायम रखा। पहले हाफ में दोनों को कामयाबी नहीं मिली और हाफ 0-0 स्कोर के साथ खत्म हुआ। दूसरे हाफ में डीएफसी के कोच सुरिंदर सिंह ने बदलाव किए और टीम को इसका फायदा मिला। मेजबान टीम ने अटैक को तेज किया। 64वें मिनट में अभय गुरुंग को कोच ने मौका दिया और 66वें मिनट में उन्होंने गोल दाग दिया। मुंबई ने भी दो चेंज किए। 81वें मिनट में डीएफसी को दूसरा गोल मिला।
उन्होंने साथी से मिली पास को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। डीएफसी का अटैक जारी रहा और मुंबई सिटी टीम पूरी तरह से बैकफुट पर थी। 83वें मिनट में फहाद तैमूरी ने खाता खोला और मुंबई की हार तय कर दी। डीएफसी की जीत तय थी, लेकिन उन्होंने अटैक नहीं रोका। 90+5 मिनट में अभय गुरुंग ने दूसरा गोल दागा और टीम को 4-0 से जीत दिला दी। इस मैच से पहले डीएफसी टीम अंक तालिका में चौथे पायदान पर थी। टीम के खाते में सिर्फ 3 अंक थे, लेकिन अब 6 अंक के साथ वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। टेक्ट्रो स्वदेश के पास बराबर अंक है, लेकिन ज्यादा गोल के दम पर डीएफसी उससे आगे है। जगत सिंह पलाही फुटबॉल क्लब पहले स्थान पर है। उनके पास 10 अंक है। डाउनटाउन हीरोज चौथे और मुंबई 5वें स्थान पर है।