नायब सिंह सैनी ने ली हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ, भव्य समारोह में पीएम मोदी रहे मौजूद
चंडीगढ़: हरियाणा में नायब सिंह सैनी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पंचकुला में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। इस खास मौके पर कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
शपथ ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिसमें सबसे पहले अनिल विज ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ महिपाल ढांडा, कृष्णलाल पंवार और अन्य प्रमुख नेताओं ने भी शपथ ली।
चुनाव परिणाम में अप्रत्याशित जीत
हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों ने कई राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया। बीजेपी को 48 सीटों पर जीत हासिल हुई, जबकि कांग्रेस को केवल 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा। चुनाव से पहले एग्जिट पोल कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जता रहे थे, लेकिन नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और बीजेपी की रणनीतियों ने कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ बीजेपी ने हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई।
नायब सिंह सैनी की नई कैबिनेट
मुख्यमंत्री: नायब सिंह सैनी
कैबिनेट मंत्री:
- अनिल विज
- कृष्णलाल पंवार
- राव नरबीर
- महिपाल ढांडा
- विपुल गोयल
- डॉ. अरविंद शर्मा
- श्याम सिंह राणा
- रणबीर गंगवा
- कृष्ण बेदी
- श्रुति चौधरी
- आरती राव
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार):
- राजेश नागर
- गौरव गौतम
इस नई कैबिनेट के गठन के साथ, हरियाणा में बीजेपी ने एक बार फिर से सत्ता की बागडोर संभाल ली है।