पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा कल से रहेगा फ्री
टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन के विरोध के चलते लिया गया फैसला
कर्मचारियों की मांगें पूरी न होने के कारण 27 सितंबर से लाडोवाल टोल प्लाजा अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा।
पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा, लाडोवाल, कल (शुक्रवार) से लोगों के लिए फ्री हो जाएगा। यानी अब यहां से गुजरने के लिए वाहन चालकों को कोई टोल शुल्क नहीं देना पड़ेगा। यह फैसला टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन पंजाब के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पंजाब प्रधान दर्शन सिंह लाडी ने की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है।
दर्शन सिंह ने बताया कि कई महीनों से कर्मचारियों की मांगों को लेकर कंपनी के अधिकारियों के साथ मीटिंग्स हो रही थीं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। कंपनी द्वारा न तो कर्मचारियों को सरकारी छुट्टियां दी जा रही हैं और न ही उनके पीएफ में कोई कटौती की जा रही है। इसके अलावा, कर्मचारियों को ईएसआई और वेलफेयर स्कीम की सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं, जो उनके अधिकारों का सीधा उल्लंघन है।
इसके विरोध में, टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन ने 27 सितंबर से लाडोवाल टोल प्लाजा को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला किया है। इस दौरान किसी भी वाहन चालक से टोल शुल्क नहीं वसूला जाएगा। यूनियन का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक टोल प्लाजा बंद ही रहेगा। दर्शन सिंह लाडी ने यह भी कहा कि अगर कंपनी उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो यह विरोध आगे भी जारी रहेगा और सभी टोल प्लाजाओं पर काम बंद कर दिया जाएगा।