पंजाब में 15 अक्टूबर को होंगे पंचायत चुनाव, राज्य चुनाव आयोग ने की घोषणा
चंडीगढ़: पंजाब राज्य में पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। राज्य चुनाव आयोग के कमिश्नर राज कमल चौधरी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 15 अक्टूबर 2024 को पंचायत चुनाव होंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 सितंबर से शुरू होगी और 4 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 5 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 7 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। राज्य में कुल 1,33,97,932 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य भर में 19,010 पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे और 13,237 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इस चुनाव में 83,437 सरपंच और पंच चुने जाएंगे। वोटिंग की प्रक्रिया बैलेट पेपर से होगी, जिसमें सरपंच के लिए गुलाबी और पंच के लिए सफेद बैलट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा, बैलेट पेपर पर नोटा का विकल्प भी उपलब्ध होगा।
पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों की आयु सीमा 25 वर्ष रखी गई है, और चुनाव खर्च की सीमा सरपंच पद के लिए 40,000 रुपये और पंच पद के लिए 30,000 रुपये निर्धारित की गई है।
चुनाव के दौरान 96,000 से अधिक स्टाफ को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। चुनावी प्रक्रियाओं की सभी जानकारी और गाइडलाइंस sec.punjab.gov.in पर उपलब्ध करवाई जाएगी।