
- – 31 अक्तूबर तक सर्टिफिकेट लेने होंगे, 30 नवंबर तक जमा कराने होंगे
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने ग्रुप डी के खेल कोटे के रिक्त पदों को भरने के लिए वेटिंग लिस्ट की वैधता 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है. खेल महकमे को निर्देश दिए की प्रतीक्षा सूची में शामिल पात्र युवाओं के खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट 31 अक्टूबर तक जारी कर दिए जाएं। चयनित युवाओं को यह प्रमाणपत्र 30 नवंबर तक जमा कराने होंगे। मुख्य सचिव की ओर से सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्ष, बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशक, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को खेल प्रमाणपत्र जमा नहीं कराने वाले कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्य सचिव ने पिछले साल 10 नवंबर को भी 31 दिसंबर तक प्रमाणपत्र जमा न करा पाने की स्थिति में इन्हें बर्खास्त करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद कई महकमों से खेल कोटे से लगे कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई थी, जबकि कुछ विभागों में अब भी बड़ी संख्या में कर्मचारी लगे हुए थे।
वहीं, सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान सुभाष लांबा ने खेल कोटे से भर्ती कर्मचारियों को निकालने का विरोध करते हुए कहा कि भर्ती के समय नई खेल ग्रेडेशन पालिसी के तहत जारी स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट की मांग नहीं की गई थी।